बेटी के अध्यक्ष बनने पर मायके वाले बड़ी संख्या में बधाईयां देने पहुंच रहे हैं। इन दिनों मंडी जिला कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष चंपा ठाकुर के घर द्रंग विधानसभा क्षेत्र के लोगों का बड़ी संख्या में बधाईयां देने को तांता लगा हुआ है। बता दें कि चंपा ठाकुर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी हैं जो द्रंग विधानसभा क्षेत्र से 8 बार विधायक रहे हैं। चंपा ठाकुर ने द्रंग के लोगों का उन्हें दिए जा रहे प्यार और मान-सम्मान के लिए आभार जताया और कहा कि वे द्रंग क्षेत्र के लोगों के सहयोग को कभी भूला नहीं सकती। पिता ने द्रंग क्षेत्र में विकास के जो नए आयाम स्थापित किए हैं उसका आशीवार्द आज उन्हें भी मिल रहा है। चंपा ठाकुर की शादी सदर विधानसभा क्षेत्र में डा. जोगिंद्र ठाकुर से हुई है। चंपा यहां से दो बार विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। चंपा ठाकुर ने एक बार फिर से अपनी ताजपोशी के लिए पार्टी हाईकमान का आभार जताया और कहा कि जो विश्वास उनपर जताया गया है वे उसपर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। मंडी जिला में बीते 10 वर्षों से कांग्रेस पार्टी में जो बिखराव आया है, वे उसे फिर से संगठित करने की कोशिश करेंगी। जो कार्यकर्ता रूठकर घर बैठकर गए हैं उन्हें फिर से सक्रिय करके संगठन के साथ जोड़ा जाएगा ताकि संगठन को मजबूती देकर इसे आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए फिर से तैयार किया जा सके।