फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: धर्मपुर में पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार, पहले चरण के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना

Ankesh Dogra Updated Sun, 24 May 2026 12:34 PM IST

धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण के चुनावों के लिए रविवार को पोलिंग पार्टियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चुनाव सामग्री वितरण का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। विकास खंड अधिकारी धर्मपुर बालम राम ने जानकारी देते हुए बताया कि धर्मपुर विस क्षेत्र में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण के तहत 26 मई को 20 पंचायतों में मतदान होगा। इसके बाद दूसरे चरण में 28 मई को 19 पंचायतों तथा तीसरे एवं अंतिम चरण में 30 मई को 19 पंचायतों में चुनाव करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा बलों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। रविवार सुबह से ही राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर परिसर एवं अन्य निर्धारित केंद्रों पर चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां कर्मचारियों को बैलेट बॉक्स, चुनाव सामग्री, मतदाता सूचियां तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए। इसके बाद पोलिंग पार्टियां सरकारी वाहनों के माध्यम से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। बीडीओ बालम राम ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर मजबूत पंचायतों के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए धर्मपुर क्षेत्र में पंचायत चुनावों को लेकर माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। गांव-गांव में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं और प्रत्याशी भी अंतिम समय तक जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें