धर्मपुर उपमंडल के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सेंटर, सिद्धपुर में शुक्रवार को विकास खंड धर्मपुर के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों की पहली परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) धर्मपुर बालम राम ने की। इस दौरान सभी नवनिर्वाचित प्रधानों का परिचय प्राप्त किया गया तथा उन्हें पंचायत प्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारियों, शक्तियों और अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बीडीओ बालम राम ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। उन्होंने सभी प्रधानों से अपनी-अपनी पंचायतों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, सरकारी योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर पंचायत निरीक्षक संजय पराशर, विकास खंड धर्मपुर के सभी पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।