पैराग्लाइडिंग साइट पीज में नियमों को ताक पर रखकर पैराग्लाइडिंग करवाई जा रही है। यहां पर सूरज ढलने के बाद अंधेरे में पैराग्लाइडर उड़ रहे हैं। जरा सी लापरवाही पर्यटकों की जान पर भारी पड़ सकती है। पर्यटकों के साथ हो चुके कई हादसों के बावजूद अभी तक पैराग्लाइडर ऑपरेटरों ने सबक नहीं लिया है। जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग की आंखों के सामने ही नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इससे पहले भी पीज साइट में तूफान के चलते कई पैराग्लाइडर रास्ता भटक चुके हैं। बीते सोमवार शाम सात बजे के बाद पीज साइट से पांच पैराग्लाइडरों ने पीज से उड़ान भरी। अंधेरे में यह पैराग्लाइडर हवा में उड़ते रहे और फिर ढालपुर में इनकी लेंडिंग हुई।