फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lahaul Missing Biker: लाहौल की वादियों में लापता हैदराबाद के बाइकर अनिल मारला, 12 दिन बाद भी तलाश जारी

Ankesh Dogra Updated Fri, 31 Jul 2026 02:07 PM IST

हिमाचल प्रदेश के दुर्गम लाहौल-स्पीति जिले में सड़क हादसे के बाद लापता हुए हैदराबाद निवासी बाइकर अनिल मारला (42) की तलाश कई दिनों बाद भी जारी है। पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन, स्वयंसेवक और ग्रामीण लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जानकारी के अनुसार अनिल मारला 19 जुलाई को लद्दाख के जांस्कर क्षेत्र के पदुम से शिंकुला मार्ग होते हुए लाहौल की ओर अपनी रॉयल एनफील्ड हिमालयन बाइक से सफर कर रहे थे। इसी दौरान सुमदो मोड़-3 के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके से उनकी बाइक, मोबाइल फोन, हेलमेट, ट्रैवल बैग और अन्य निजी सामान बरामद कर लिया गया है, लेकिन अनिल का अब तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन को आशंका है कि हादसे के बाद अनिल तेज बहाव वाले पहाड़ी नाले में गिर गए होंगे और पानी के बहाव के साथ भागा नदी तक पहुंच गए होंगे। इसके बाद उनके तांदी संगम तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जहां भागा और चंद्रा नदियां मिलकर चिनाब नदी बनाती हैं। इसी संभावना को देखते हुए पुलिस और बचाव दल नदी किनारों, आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रहे हैं। ड्रोन की मदद से भी निगरानी की जा रही है। केलांग की डीएसपी रश्मि शर्मा ने बताया कि लापता बाइकर की तलाश लगातार जारी है। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियां हर संभव प्रयास कर रही हैं। नदी किनारों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अनिल मारला की पत्नी सुमिता शर्मा पिछले कई दिनों से लाहौल में रहकर अपने पति की तलाश में जुटी हुई हैं। उन्होंने आम लोगों और प्रशासन से भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को अनिल के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिवार को सूचित करें। सुमिता शर्मा ने बताया कि 19 जुलाई को अनिल का आखिरी संदेश मिला था। उन्होंने बताया था कि वह पदुम से शिंकुला-दारचा मार्ग के रास्ते लाहौल की ओर आ रहे हैं। उसी दिन शाम करीब चार बजे जब उन्होंने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। रातभर संपर्क करने की कोशिश के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने केलांग और पदुम पुलिस से संपर्क किया, जहां से हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि अनिल अनुभवी और जिम्मेदार राइडर थे और हमेशा सुरक्षा का ध्यान रखते थे। हादसा कैसे हुआ, यह अभी भी परिवार के लिए रहस्य बना हुआ है। परिवार ने लाहौल-स्पीति, कुल्लू और मंडी प्रशासन के साथ जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़, डोडा और रामबन प्रशासन से भी सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही भागा और चिनाब नदी किनारे रहने वाले लोगों, जलविद्युत परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों, चरवाहों, ट्रैकर्स और पर्यटकों से भी किसी भी सुराग मिलने पर सूचना देने का आग्रह किया गया है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें