हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में वायरल हेपेटाइटिस के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला मुख्यालय सहित कई क्षेत्रों में इस बीमारी से प्रभावित मरीज मिल रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या भी काफी बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर हेपेटाइटिस से प्रभावित मरीजों की जानकारी और डाटा एकत्रित किया। विभाग बीमारी के फैलने के कारणों का पता लगाने में जुटा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों में वायरल हेपेटाइटिस के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने जल शक्ति विभाग को पत्र लिखकर पेयजल योजनाओं का नियमित निरीक्षण करने को कहा है, ताकि पानी की गुणवत्ता की जांच की जा सके और संक्रमण के संभावित कारणों को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहा है। लोगों को भी साफ-सफाई और सुरक्षित पेयजल के इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया जा रहा है।