क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रसूता की मौत के मामले को लेकर जारी आमरण अनशन के दौरान मंगलवार को कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। अनशन स्थल पर पहुंचे सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा नेत्री रेखा गुलेरिया के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर अनशन पर बैठे लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रेखा गुलेरिया ने भी अपनी बात रखनी शुरू की, जिस पर दोनों नेताओं के बीच बहस हो गई। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रही। इस दौरान आमरण अनशन पर बैठे समाजसेवी बंटी सराजी ने हस्तक्षेप करते हुए मंच से किसी भी तरह की राजनीतिक बयानबाजी नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मंच केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के उद्देश्य से है और इसे राजनीतिक गतिविधियों का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। बंटी सराजी की अपील के बाद माहौल शांत हो गया और कार्यक्रम सामान्य रूप से जारी रहा। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के कई नेता अनशन स्थल पर मौजूद रहे और मृतक महिला के परिजनों से भी मुलाकात की। अनशन पर बैठे लोगों का कहना है कि जब तक मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।