बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सैंज घाटी में सड़कों की खस्ता हालत, बंद बस सेवाओं, धीमी विकास गति और लगातार आपदा के प्रभावों को लेकर शुक्रवार को सैंज भाजपा मंडल ने प्रदर्शन किया। विधायक सुरेंद्र शौरी की अगवाई में धरने के दौरान तहसीलदार सैंज के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। पूर्व की भाजपा सरकार ने जिन सड़कों का निर्माण किया गया था, आज उन सड़कों से मलबा हटाना तक वर्तमान कांग्रेस सरकार के लिए मुश्किल हो गया है। नई सड़कें निकालना तो अब एक सपना बनकर रह गया है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह सैंज घाटी की दुर्दशा पर मौन धारण किए हुए है, जबकि जनता लगातार कठिनाइयों से जूझ रही है। विधायक शौरी ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा जनहित में जनांदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी।