नगरोटा बगवां के मुख्य बाजार में बीती रात चोरों ने एक बार फिर चार दुकानों के ताले तोड़कर व्यापारी वर्ग में दहशत फैला दी। हालांकि चोरों के हाथ दो दुकानों से थोड़ी सी नकदी के अलावा और कुछ हाथ नहीं लगा। चोरों ने रात ढाई से तीन बजे के बीच व्यापार मंडल अध्यक्ष की मोबाइल के अलावा मिठाई, बर्तन की दुकान और सैलून के ताले तोड़ने की कोशिश की। शातिर मोबाइल की दुकान के ताले नहीं तोड़ पाए लेकिन बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के मुंह घुमाकर फरार हो गए। इस दुकान के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो चोर लोहे की रॉड से ताले तोड़ने की कोशिश करते नजर आए। उन्होंने मास्क पहन रखे थे और पीठ पर पिट्ठू बैग पहन रखे थे। साथ में एक गाड़ी भी नजर आ रही है, जिसमें वे आए थे। व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिपहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह नगरोटा बगवां बाजार को टारगेट किए हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआइना किया और पुलिस को चोरों की हरकत की सीसीटीवी फुटेज सौंपी गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि बाजार में रात्रि को पुलिस की नियमित गश्त की जाए।