ज्वालामुखी क्षेत्र के साथ लगती खोला पंचायत में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय निकिता के रूप में हुई है, जो खोला पंचायत के प्रधान कपिल देव की पत्नी थी। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, ससुराल पक्ष की ओर से महिला के बीमारी से ग्रस्त होने की बात कही जा रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। निकिता अपने पीछे दो मासूम बेटियां छोड़ गई हैं। इनमें एक की उम्र करीब एक साल और दूसरी की लगभग तीन माह बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और करीब तीन से चार घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालात बिगड़ते देख ज्वालामुखी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों पक्षों को शांत करवाने में सफल रही। मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों और मौत की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी। बताया जा रहा है कि निकिता की शादी करीब दो वर्ष पहले खोला पंचायत के प्रधान कपिल देव के साथ हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला की मौत बीमारी के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। एसपी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।