फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांगड़ा: करीब एक साल बाद बहाल हुई बस सेवा, ग्रामीणों ने बांटी मिठाई

Ankesh Dogra Updated Tue, 08 Sep 2026 10:41 AM IST

करीब एक साल से बस सेवा बंद होने के कारण परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को मंगलवार को बड़ी राहत मिली। पालमपुर-सरीमोलग वाया बोधल, रोपड़ी, जलाड़ी, कोसरी और लंबागांव बस सेवा दोबारा शुरू हो गई। लंबे इंतजार के बाद बस के रूट पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और चालक सुदेश तथा परिचालक समीर शर्मा को हार पहनाकर सम्मानित किया। बस सेवा बहाल होने पर ग्रामीणों ने यादविंदर गोमा जिंदाबाद के नारे लगाकर आभार जताया। अपर ठेहड़ू पंचायत के प्रधान राजकुमार, उपप्रधान तेज सिंह (मोनू), स्थानीय समाजसेवी जगरूप समेत अन्य ग्रामीणों ने मंत्री यादविंदर गोमा और एचआरटीसी पालमपुर डिपो के आरएम नितेश शर्मा का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि बस सेवा बहाल करवाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। पांच जुलाई को अपर ठेहड़ू ग्राम पंचायत के जलाड़ी में आयोजित ग्राम सभा के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने मंत्री यादविंदर गोमा के समक्ष यह मांग प्रमुखता से रखी थी। इसके बाद छह सितंबर को जालग में खेलकूद प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर भी अपर ठेहड़ू और आशापुरी पंचायतों के प्रतिनिधियों ने मंत्री के सामने बस सेवा बहाल करने की मांग दोहराई थी। लगातार उठाई जा रही मांग के बाद अब बस सेवा बहाल होने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। बस सेवा बंद होने का सबसे ज्यादा असर कोसरी और आसपास के क्षेत्रों से जयसिंहपुर जाने वाले कॉलेज विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों पर पड़ रहा था। दर्जनों पंचायतों के ग्रामीण आवागमन के लिए इस बस सेवा पर निर्भर थे। बस बंद होने के कारण लोगों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था। अब बस सेवा बहाल होने से विद्यार्थियों और कर्मचारियों के साथ-साथ रोजाना आने-जाने वाले अन्य लोगों को भी सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि बस सेवा आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। एचआरटीसी की यह बस अब पालमपुर-सरीमोलग रूट के बजाय द्रमन-सरीमोलग रूट पर संचालित होगी। इसके अलावा यही बस दोपहर 12:30 बजे जयसिंहपुर-तिनबड़ रूट पर जाएगी। शाम 3:50 बजे जयसिंहपुर से वाया चौआं-धुपक्यारा होकर द्रमन जाएगी। इस व्यवस्था से द्रमन-सरीमोलग के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। करीब एक साल बाद बस सेवा बहाल होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन व संबंधित विभाग का आभार जताया है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें