धनतेरस का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ने लगी है। दुकानों में बर्तनों और इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचने लगे हैं, लेकिन इस बार त्योहार पर लोगों को महंगाई का झटका लग रहा है। पिछले साल के मुकाबले बर्तनों और इलेक्ट्रॉनिक सामान की कीमतों में करीब 15 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तांबा, पीतल, स्टील और लोहे के बर्तनों के दाम बढ़ने से ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक सामान की कीमतों में भी 10 से 15 फीसदी तक इजाफा हुआ है। ऐसे में धनतेरस पर खरीदारी करने वालों को इस बार पहले के मुकाबले अधिक पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। दुकानदारों के अनुसार, पिछले साल की तुलना में पीतल के बर्तनों की कीमतों में 400 से 500 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। तांबे के बर्तनों के दाम भी काफी बढ़े हैं। इसके अलावा स्टील और लोहे के बर्तनों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। धनतेरस पर परंपरागत रूप से बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते इन सामानों की मांग बनी रहती है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर ग्राहकों के बजट पर पड़ रहा है। कारोबारी रणजीत सिंह, सतीश भट्ट और करण महाजन ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सामान की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। टीवी, मिक्सर, वाटर फिल्टर, वाशिंग मशीन और फ्रिज जैसे उत्पादों के दाम 1000 से 5000 रुपये तक बढ़ गए हैं। कारोबारियों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों को इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद लोगों में धनतेरस को लेकर उत्साह बना हुआ है। ग्राहक त्योहार पर बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, बढ़ती कीमतों के चलते लोगों को खरीदारी से पहले अपने बजट का हिसाब लगाना पड़ रहा है।