सुजानपुर होली मेले में मैदान को ठेके के आधार पर आवंटित करने को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को हमीरपुर में युवा व्यापारी संघर्ष व जिला मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने पत्रकारवार्ता में मैदान को एकमुश्त ठेके पर आवंटित करने का विरोध जताया है। युवा व्यापारी संघर्ष समिति की ओर से नरेंद्र ठाकुर, सुनील ठाकुर विक्रांत चौहान ने कहा कि ठेके पर मैदान दिए जाने से प्लॉट के अधिक बढ़ जाएंगे। उन्होंने चेताया कि अगर उनकी मांग को नहीं माना गया तो वह प्रशासन का पुतला फूंकने से भी गुरेज नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सुजानपुर के विधायक ने इस मैदान से करोड़ों रुपये का राजस्व इकट्ठा करने का दावा किया है, लेकिन इससे व्यापारी दूर हो जाएंगे। स्थानीय व्यापारियों की सहभागिता इससे खत्म हो जाएगी। जिला मेला कमेटी के अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कहा कि पिछले जो प्लॉट खुली बोली पर आठ हजार में बिका था, उसे ठेके पर 50 हजार रुपये से अधिक दाम पर बेचा जाएगा। इसे छोटे व्यापारी नहीं खरीद पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राज्यपाल के समक्ष भी उठाया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को भी ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि मैदान को पूर्ववत की तरह खुली बोली के आधार पर ही आवंटित किया जाना चाहिए।