हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक चालक प्रशिक्षण केंद्र बस स्टैंड हमीरपुर में हुई। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने कहा कि हर महीने पेंशन मिलने में देरी चिंता का विषय है। परिवहन के करीब 8500 पेंशनरों को पेंशन नहीं मिली है। मंच ने सरकार के प्रति रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि 10 सूत्रीय मांगपत्र सरकार व निगम प्रबंधन को सौंपा गया है। अब दो दिन के भीतर एक स्मरण पत्र भी निगम प्रबंधन को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट सत्र से पहले वार्ता के लिए नहीं बुलाया जाता है तो आंदोलन का बिगुल बजा दिया जाएगा। इस दौरान रघुनाथ, शिव कुमार, रामलाल सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।