एनआईटी हमीरपुर में आयोजित नवप्रवेशित विद्यार्थियों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर बलवीर सिंह ने रिसोर्स पर्सन के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशा उन्मूलन, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। एसपी बलवीर सिंह ने विद्यार्थियों को पुलिस सेवा में कॅरिअर के अवसरों तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क एवं जागरूक रहने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के हथियारों का डेमो भी दिया। इस दौरान उन्हें हथियारों के उपयोग, उनकी कार्यप्रणाली तथा सुरक्षित संचालन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा एवं प्रतिभा का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के सकारात्मक विकास में करना चाहिए।