एचआरटीसी पेंशनर समस्या समाधान मंच की प्रदेश स्तरीय बैठक हमीरपुर बस अड्डा पर शुक्रवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अशोक पुरोहित ने की। बैठक में परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारियों का एरियर देय राशि जारी न होने पर रोष जताया गया। अध्यक्ष अशोक पुरोहित, कोषाध्यक्ष सतपाल भारद्वाज आदि ने कहा कि परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को हर महीने पेंशन का भुगतान समय पर न होने से उम्र के इस पड़ाव पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। 65, 70 व 75 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके सेवानिवृत्त परिवहन कर्मियों को क्रमश: 5, 10 व 15 प्रतिशत के लाभ उच्च न्यायालय में जाने के पश्चात भी देय नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर 1974 को परिवहन निगम की स्थापना की गई तो तत्कालीन सरकार के साथ लिखित समझौता हुआ था। इस समझौता के तहत साफ तौर पर लिखा गया है कि परिवहन निगम के कर्मचारियों एवं पेंशनरों के सभी वित्तीय लाभ समय पर दिए जाएंगे। लेकिन लाभ नहीं मिलने के लिए वर्तमान सरकार जिम्मेदार है। वर्तमान सरकार की ओर से न चिकित्सा बिलों का भुगतान किया जा रहा है और न ही एरियर का भुगतान हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से मांगें नहीं मानी जाती हैं तो आंदोलन की रूप रेखा तैयार की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस बैठक में होशियार सिंह, देवराज, सत्यपाल, भूपेंद्र, रविंद जगदीश सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।