हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मंगलवार को केन्द्रीय विद्यालय संधोल पंहुचे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद ने कक्षाओं का निरीक्षण किया, स्कूल परिसर का दौरा किया और विद्यार्थियों से रूबरू होकर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों एवं समस्याओं को समझा। विद्यालय के विभिन्न सेक्शनों का जायज़ा लेते हुए अनुराग ठाकुर ने छात्रों से उनके पाठ्यक्रम, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर सवाल-जवाब किए। बच्चों ने भी उत्साह से अपने अनुभव साझा किए। सांसद ने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और तकनीक के सही उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि आने वाला समय प्रतिस्पर्धा का है, इसलिए हर विद्यार्थी को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं एवं खेल सुविधाओं की भी समीक्षा की। स्टाफ से बातचीत करते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए। सांसद ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ है, और केन्द्र सरकार की पहल का लाभ छात्रों तक पूरी तरह पहुँचे, यह सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। विद्यालय के अधिकारियों ने सांसद को स्कूल की वर्तमान उपलब्धियों, चल रही परियोजनाओं और आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया। सांसद ने आश्वस्त किया कि छात्रों की पढ़ाई और विद्यालय के विकास से जुड़े आवश्यक मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उनके स्कूल आगमन से विद्यार्थियों और स्टाफ में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।