हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में गलोड़-शिमला रूट पर घुमारवीं के पास बीते मंगलवार को एक एचआरटीसी बस चालक बस को छोड़कर भाग गया। मामला संज्ञान में आने के बाद निगम प्रबंधन ने बस को छोड़कर भागे हमीरपुर डिपो के चालक को निलंबित कर दिया है। निलंबित चालक को एचआरटीसी डीएम कार्यालय हमीरपुर में अटैच किया गया है। चालक की पहचान जुम्मी मोहम्मद निवासी बरठीं कोटलू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक बीते दिन हमीरपुर डिपो की बस गलोड़ से शिमला रूट पर जा रही थी। जब बस घुमारवीं के नजदीक पहुंची थी तो बस चालक बस को छोड़कर भाग गया। यात्रियों के मुताबिक चालक ने नशा किया हुआ था और सही तरीके से बस नहीं चला रहा था। यात्रियों को दुर्घटना होने की आशंका बन गई थी। जब यात्रियों ने उसे सही तरीके से बस चलाने के लिए कहा तो वह बस को छोड़कर भाग गया। इस कारण यात्री काफी परेशान हुए। यात्रियों ने निगम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी रोष जताया। इसके बाद जब काफी समय तक चालक वापस बस चलाने के लिए नहीं आया तो परिचालक ने आरएम हमीरपुर राहुल कुमार को सूचना दी। वहीं, अन्य बस के चालक को बस सहित शिमला के लिए रवाना किया गया। इसके बाद निगम प्रबंधन ने घुमारवीं पुलिस थाना में शिकायत दी। बस को छोड़कर भागे चालक को निलंबित कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य चालक की सुविधा दी गई थी। पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दी गई है। -राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीपुर एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने दी जानकारी