चिरलंबित जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पोस्ट कोड 903 और 939 का नतीजा 10 दिन के भीतर घोषित होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर की बैठक के बाद पत्रकारों के सवाल के जवाब में यह बयान दिया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि दिवाली से पहले राज्य चयन आयोग में लंबित परिणामों को घोषित किया जाएगा। पोस्ट कोड 903, 939, 992, 994, 997, 982 भर्ती परीक्षा परिणाम को घोषित कर दिवाली से पहले बेरोजगार युवाओं को यह तोहफा दिया जाए। जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पोस्ट कोड 903 और 939 में 377 पदों को भरा जा रहा है। हमीरपुर के दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार सुबह सवेरे सर्किट हाउस में जन समस्याएं सुनीं। अलग-अलग क्षेत्र से आए लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से रूबरू करवाया। मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को लेकर दिशा निर्देश जारी किए।