सरकार से जुड़ी उद्यम की योजनाओं के नाम महज दो प्रतिशत पर ऋण मंजूर करवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले महिला व पुरुष को विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। ठगी की शिकायत मिलने के बाद हमीरपुर शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हिमाचल लघु उद्योग कल्याण संघ के नाम से चलाए गए कार्यालय में विजिलेंस ने दबिश दी इस दाैरान विजिलेंस हमीरपुर की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। विजिलेंस ने हमीरपुर के एक व्यक्ति और महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यक्ति इस कार्यालय को संचालित करता था जबकि सुजानपुर के बनाल निवासी महिला भी इस कार्यालय में कार्य करती है। दोनों ने सरकारी योजनाओं के नाम दो प्रतिशत पर लोन दिलवाने के नाम पर ठगी की है। विजिलेंस की टीम ने कार्यालय को सील कर दस्तावेजों को कब्जे में लिया है। एएसपी विजिलेंस हमीरपुर रेनू शर्मा का कहना है कि दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए कार्यालय से विभिन्न दस्तावेजों को सील किया गया है।