राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के मैदान में चल रही अग्निवीर भर्ती के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को 300 से अधिक युवाओं ने सेना की भर्ती पहनने के लिए दौड़ लगाई। दौड़ के बाद युवाओं का शारीरिक परीक्षण किया गया। इसमें ऊंचाई, ऊंची कूद, लंबी कूद आदि करवाई गई। नौ मार्च से 17 मार्च तक चलने वाली अग्निवीर भर्ती के लिए करीब चार हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सेना भर्ती निदेशालय की ओर से प्रतिदिन 500 अभ्यर्थियों को बुलाया जा रहा है ताकि अभ्यर्थियों को अधिक दिक्कतों का सामना न करना पड़े। सेना भर्ती निदेशालय के अधिकारी श्रीधर राजन ने बताया कि टेस्ट उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को एडीसी अभिषेक गर्ग ने भी भर्ती का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी सतर्कता बरती जा रही है। बाहरी लोगों को अंदर आने की अनुमति नहीं है। अधिकारियों के अनुसार यह भर्ती 16 मार्च तक आयोजित की जाएगी जबकि एक दिन रिजर्व रखा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस भर्ती को तय अवधि में पूरा कर लिया जाएगा।