तीन महीने से एचआरटीसी बस सुविधा का लाभ बल्ह गांव के लोगों को नहीं मिल रहा है। सड़क विस्तारीकरण कार्य के चलते लोक निर्माण विभाग ने यहां पर वाहनों की आवाजाही बंद की है। इस कारण यात्रियों को कुछ किलोमीटर पैदल चलकर निजी यातायात साधनों का प्रयोग करना पड़ रहा है। यहां पर उन्हें अधिक पैसे चुकाने पड़ रहे हैं। इसी समस्या को लेकर बल्ह महिला मंडल प्रधान कुशला देवी सहित अन्य महिलाओं ने एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार से पहले की भांति बस सेवा शुरू करने की मांग रखी। महिलाओं में कुशला देवी, अनीता, अरूणा कुमारी आदि ने बताया कि करीब तीन महीने से इस सड़क पर बस नहीं चली है। एचआरटीसी की ओर से हमीरपुर से बल्ह वाया बडू दिन में तीन बसों की सुविधा दी है। करीब 14 किलोमीटर सड़क पर सुबह 9:00, दोपहर 1:00 और शाम को करीब 5:00 बजे बस बल्ह जाती है। सड़क के विस्तारीकरण कार्य से यहां पर बसों की सुविधा नहीं मिल रही है। हालांकि अभी सड़क का कार्य संपन्न हो गया है। उसके बाद भी बस सेवा नहीं शुरू की गई है। उन्होंने निगम प्रबंधन से जल्द से जल्द यहां पर बस सेवा संचालित करने की मांग की है। एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि महिलाओं ने अपनी बात रखी है। अभी लोक निर्माण विभाग की ओर से रोड फिटनेस सर्टिफिकेट आएगा। उसके बाद सामान्य तौर पर बस सेवा बहाल कर दी जाएगी।