राजकीय महाविद्यालय भोरंज में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। समापन सत्र में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हमीरपुर अंकुश शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सम्मेलन में देश-विदेश से आए ख्याति प्राप्त विद्वानों ने अपने विचार साझा किए। सम्मेलन की समन्वयिका डॉ. आशा ने बताया कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन विश्व के सामने एक गंभीर चुनौती है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए महिलाओं की सशक्त भागीदारी और अभिनव समाधानों की अत्यंत आवश्यकता है। अंकुश शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया।