राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव में इस बार तहबाजारी की भूमि ठेके पर आवंटित की जाएगी। मेले के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्सव की तैयारी को लेकर रविवार को विश्राम गृह सुजानपुर में विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने पत्रकार वार्ता की।उन्होंने कहा मेले से अधिक से अधिक राजस्व इकट्ठा हो इसको लेकर के मेले में लगने वाली दुकानों को चार भागों में बांटा जाएगा। इन चार सेक्टरों को ठेके पर दिया जाएगा जोकि आगे ठेकेदार इनको आवंटित करेगा। इस कार्य से जहां अधिक आय होगी वहीं पारदर्शिता भी बनी रहेगी। मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। मेले को आकर्षण बनाने को लिए महिलाओं का झमाकड़ा किया जाएगा। जिसमें एक साथ 1100 से 1500 महिलाएं एक साथ भाग लेंगी। महिलाओं के मान सम्मान को लेकर के रस्सा कस्सी का आयोजन किया जाएगा। मेला शानदार आकर्षण का केंद्र बने इसमें नामी कलाकारों का सांस्कृतिक संध्या में बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल टौणी देवी में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद भर दिए गए हैं। सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग की योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा वहीं चौगान के समीप शीघ्र ही सिंथेटिक ट्रैक का भी कार्य शुरू होगा।इस मौके पर पूर्व ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, पार्षद मनोज ठाकुर, विनय शर्मा, मनोज शर्मा, देशराज ठाकुर आदि मौजूद रहे।