त्योहारी सीजन में दो जगहों पर हमीरपुर के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। स्वाद महोत्सव हमीरपुर को शुभारंभ शुक्रवार के दिन किया गया। उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह ने इसका शुभारंभ किया। ग्रामीण विकास अभिकरण के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की दो जगहों पर प्रदर्शनी लगाई गई है। स्वाद महोत्सव हमीरपुर में जिला भर के करीब 30 स्वयं सहायता समूह भाग ले रहे हैं। प्रत्येक स्वयं सहायता समूह ने पारंपरिक खाद्य सामग्री को प्रदर्शित किया। इसके साथ ही हाथों से बनाए गए कई उत्पाद भी इस प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र हैं। शुक्रवार को शुभारंभ अवसर पर पहुंचे मुख्य अतिथि उपायुक्त अमरजीत सिंह ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रशंसा की। इस दौरान उनके साथ एडीएम हमीरपुर अभिषेक गर्ग, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह,पीओ डीआरडीओ अस्मिता ठाकुर, बीडीओ हमीरपुर हिमांशी ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे। बता दें कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वाद महोत्सव हमीरपुर का आयोजन किया जा रहा है। दीपावली तक स्वयं सहायता समूह बचत भवन के समीप ऊपरी मंजिल पर अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही बस अड्डा के पास लक्ष्मीबाई पार्क के पास भी प्रदर्शनी लगाई गई है। इसका अवलोकन भी प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार के दिन किया। आयोजन स्थल पर पहुंचे मुख्य अतिथि का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। डीसी हमीरपुर ने स्वयं सहायता समूहों की तरफ से बनाए गए उत्पादों की सराहना की।