विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के प्रतिष्ठित यंग ट्रेड लीडर्स 2026 कार्यक्रम के लिए चयनित हमीरपुर के छात्र अक्षत शर्मा को सोमवार को राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में महाविद्यालय प्रशासन ने उनकी उपलब्धि को प्रदेश और संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने कहा कि यंग ट्रेड लीडर्स कार्यक्रम विश्व व्यापार संगठन की एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पहल है, जिसमें दुनिया भर के प्रतिभाशाली युवाओं का चयन किया जाता है। वर्ष 2026 के लिए विश्व स्तर पर केवल सात युवाओं को चुना गया है, जिनमें हमीरपुर के छात्र अक्षत शर्मा का चयन होना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। अक्षत शर्मा वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन्स (बीसीए) के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह के दौरान अक्षत शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और महाविद्यालय में मिले सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं से भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए भी प्रोत्साहित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अक्षत शर्मा की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और अधिक युवा वैश्विक मंचों पर अपनी पहचान स्थापित करने के लिए आगे आएंगे। महाविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर अक्षत शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनकी सफलता को संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।