हमीरपुर में उपायुक्त कार्यालय के बाहर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान सुनील कुमार ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए एक व्यक्ति का दस्तावेजों से भरा खोया बैग सुरक्षित लौटाया। बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे ड्यूटी के दौरान सुनील कुमार को सड़क पर एक लावारिस बैग मिला। उन्होंने बैग को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच की। बैग के भीतर महत्वपूर्ण दस्तावेज, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी सामान मौजूद था। दस्तावेजों में उपलब्ध जानकारी के आधार पर होमगार्ड जवान ने बैग के मालिक का पता लगाया और उसे फोन कर बैग मिलने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद बैग का मालिक उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। पहचान और आवश्यक पुष्टि के बाद सुनील कुमार ने बैग उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर बैग के मालिक ने होमगार्ड जवान की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी आज भी समाज में विश्वास को मजबूत करती है।