ग्राम पंचायत बगवाड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समीरपुर मंडल के महामंत्री एडवोकेट संजीव कुमार ने की। बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष देश राज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए देश राज शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार झूठे वादों के सहारे चल रही है। महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन देने का वादा किया गया था, लेकिन अब सरकार अलग–अलग जिलों में शुरुआत का हवाला देकर लोगों को सिर्फ आश्वासन दे रही है और कह रही है कि अब आपकी बारी आएगी। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलकर ‘वीबी जी राम जी’ किया गया है, लेकिन कांग्रेस इस पर झूठा प्रचार कर रही है कि मनरेगा को बंद कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना को बंद नहीं किया गया है, बल्कि इसमें जनहित में कई सुधार किए गए हैं। अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है, दिहाड़ी में भी वृद्धि की गई है तथा मजदूरों को 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जब कोई ठोस मुद्दा नहीं मिल रहा है, तो वह ‘जी राम जी’ योजना का विरोध करने लगी है। शर्मा ने यह भी बताया कि इससे पहले कांग्रेस सरकारों के समय इस योजना के कई नाम बदले जा चुके हैं, जिनमें ‘क्रैश स्कीम फॉर रूरल’, ‘फूड फॉर वर्क’, ‘एनआरईपी’, ‘जवाहर रोजगार योजना’, वर्ष 2005 में ‘नरेगा’ और 2009 में ‘मनरेगा’ शामिल हैं। शर्मा ने कहा कि अब मोदी सरकार ने इस योजना में सुधार कर जनहित को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन किया है, लेकिन कांग्रेस को इस पर आपत्ति हो रही है। बैठक में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार की योजनाओं को जन–जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।