भारतीय वायु सेना पहली बार हिमाचल में एक अदभुत एयर शो करने जा रही है। इस सिविल एयर डिसप्ले के लिए सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के मैदान को चुना गया है। 10 मार्च को होने वाले इस सिविल एयर डिसप्ले के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अनुमति प्रदान कर दी है। सुजानपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह एक अविस्मरणीय अनुभव होगा। क्योंकि,आम तौर पर वायु सेना के इस तरह के सिविल एयर डिसप्ले कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही किए जाते हैं। सिविल एयर डिसप्ले के लिए वायु सेना और सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के अलावा प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से किए जाने वाले आवश्यक प्रबंधों को लेकर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को मिनी सचिवालय में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक ने इस आयोजन के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। उपायुक्त ने बताया कि वायु सेना के अधिकारियों ने सुजानपुर के चौगान तथा इसके आस-पास के क्षेत्रों का प्रारंभिक मुआयना कर लिया है और इस पूरे क्षेत्र को सिविल एयर डिसप्ले के लिए काफी उपयुक्त बताया है। यह शो होली के कुछ दिनों बाद ही 10 मार्च को करवाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग वायु सेना के जांबाजों के हैरतअंगेज करतबों का रोमांच अनुभव कर सकें। उन्होंने सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य से इन सभी प्रबंधों का विवरण जिला प्रशासन को प्रेषित करने की अपील की। सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि सिविल एयर डिसप्ले में वायु सेना के 11 लड़ाकू विमान भाग लेंगे और यह एक बहुत ही अद्भुत शो होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस शो के लिए सुजानपुर के साथ लगते हमीरपुर, जिला कांगड़ा और मंडी के क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर बच्चों को भी आमंत्रित करने का आग्रह किया।