उपमंडल भोरंज के तहत ब्लॉक कार्यालय द्वारा भोरंज की जनता की सुविधा के लिए पिछले 6 साल से बन रहा लोक भवन का निर्माण कार्य अधर लटका हुआ है। इस भवन का निर्माण कार्य 6 साल पहले तीस लाख रुपये के बजट से शुरू हुआ और दो साल तक इस भवन की नींव और पिलर बनकर तैयार हुए। उसके बाद कार्य करीबन एक साल तक बंद रहा उसके बाद दो साल में इस भवन में लैंटर और दीवारों की चिनाई का काम बहुआ। अब इस काम को हुए लगभग तीन साल हो गए है। लेकिन विभाग इस भवन में खिड़किया और दरवाजे नहीं लगा पा रहा है। इस नये भवन को लावारिस पशुओं ने अपना आसरे बना लिया था। तब विभाग हरकत में आया और इसे रोकने के लिए खिड़किया और दरवाजे लगाने के बजाए नए नवेले भवन को कांटेदार तारों से बंद कर दिया है। एक साल में बनने बाले भवन को बनते बनते 6 साल हो गए और लोगों की सुविधा के लिए बना यह भवन अब फनिशिंग के लिए तरस रहा है। दरवाजे और खिड़कियां लग जाती तो ये भवन आज 4 साल पहले ही जनता की सुविधा के लिए उपलव्ध हो जाना था लेकिन वर्तमान में ये भवन कांटेदार तारों से बंद किया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस भवन को शेष बचे कार्य के लिए बजट उपलव्ध हो ताकि इसे प्रयोग में लाया जा सके। इस बारे भोरंज ब्लॉक कार्यालय के बीडीओ कुलवंत सिंह का कहना है कि भवन निर्माण के लिए तीस लाख का बजट था जोकि खत्म हो गया है। अब अगले साल के बजट में इस भवन की फनिशिंग और खिड़की दरवाजों के लिए बजट की मांग की है। जैसे ही प्रावधान होगा जल्द ही भवन का काम पूरा कर दिया जाएगा।