महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को बचाने और केंद्र सरकार की कथित अनदेखी के विरोध में हमीरपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी चौक हमीरपुर में एक दिवसीय उपवास रखा। उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस मौके पर कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती तथा बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता विवेक कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी जनहितकारी योजना के बजट में कटौती कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार पर संकट गहराता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है और इसके माध्यम से लाखों परिवारों को रोजगार मिलता है। यदि इस योजना को कमजोर किया गया तो गांवों में बेरोजगारी और पलायन की समस्या और बढ़ेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मनरेगा को पूरी मजबूती के साथ लागू करने और समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उपवास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मनरेगा को बचाने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों को अनसुना किया गया तो पार्टी आगे भी आंदोलन तेज करेगी।