हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में बी फार्मेसी के विद्यार्थियों ने धरना प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने एचपीटीयू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एचपीटीयू पर एक साल को नष्ट करने का आरोप लगाया है। एचपीटीयू से संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के पिछले सेमेस्टर के पेपर रह गए हैं, उन्हें अगले सेमेस्टर में बैठने में दिक्कतें आ रही हैं। उनका एक साल नष्ट हो जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से इस नियम के बारे में विद्यार्थियों को अवगत नहीं करवाया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से एक साल की रिलैक्सेशन देने की मांग की है। फार्मेसी में लगने वाली बैक को भी हटाया जाए। इस दौरान विद्यार्थी काफी मायूस दिखे। उन्होंने बताया कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो विश्वविद्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन करेंगे। छात्रों में नितेश और हितेश ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के पिछले सेमेस्टर के पेपर रह गए हैं, उनका एक वर्ष नष्ट होने की कगार पर है। उन्होंने प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग रखी है। तकनीकी विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक राजेश ने बताया कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के मुताबिक ही विश्वविद्यालय कोर्स करवाती है। जो छात्र पहले सेमेस्टर क्लीयर नहीं करेगा, उसे अगले सेमेस्टर में नहीं बिठाया जा सकता है। पांचवे सेमेसटर में कोई जाएगा तो प्रथम वर्ष क्लीयर होना चाहिए। सातवें सेमेस्टर में जाने के लिए चार सेमेस्टर क्लीयर होने चाहिए। छात्रों की मांगों बारे पीसीआई को लिखा जाएगा।