टीबी मुक्त अभियान के तहत टीबी मुक्त घोषित की गई हमीरपुर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए शनिवार को यहां हमीर भवन में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त हमीरपुर के सहायक आयुक्त अनुपम ठाकुर ने इन पंचायतों के प्रधानों को वर्ष 2024 के लिए रजत और कांस्य पुरस्कार प्रदान किए। इन्हें रजत और कांस्य से बनी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस अवसर पर सभी पंचायत जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बधाई देते हुए अनुपम ठाकुर ने कहा कि जिला हमीरपुर को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पंचायत जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि टीबी जैसे रोग से अब किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इस रोग का पूरी तरह उपचार संभव है। इस अवसर पर टीबी मुक्त अभियान के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने अभियान की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।