ओमान में अमेरिकी हमले के दौरान जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले के भालू गांव निवासी 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी डेक कैडेट आदित्य शर्मा का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव पहुंच गया। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी जुटे। इससे पहले डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में दो चिकित्सकों के पैनल ने पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। गांव में अंतिम दर्शन के दौरान लोगों ने नम आंखों से आदित्य को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस के जवान भी मौके पर मौजूद हैं। थोड़ी देर में पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। आदित्य शर्मा की असामयिक मौत से पूरे हमीरपुर जिले में शोक की लहर है। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि लगातार परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।