हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते नरवाना में शनिवार को पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप-2024 शुरू हुआ। प्रतियोगिता 16 से 20 नवंबर तक चलेगी। इसके लिए भारत समेत 13 देशों के 107 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। इनमें नेपाल, यूएसए, मैक्सिको, चीन, फ्रांस आदि देशों के प्रतिभागी शामिल हैं। पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप का आयोजन एडवेंचर स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश और नरवाना एडवेंचर क्लब की ओर से किया जा रहा है। कांगड़ा जिले में हफ्ते के भीतर एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप के रूप में दूसरा बड़ा आयोजन हो रहा है। बता दें कि 9 नवंबर को बीड़ बीलिंग घाटी में पैराग्लाइडिंग विश्व कप का समापन हुआ था। इसमें कई देशों के प्रतिभागियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। हफ्ते के अंदर विश्व स्तरीय दूसरे आयोजन से जिले में पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।