हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों के बढ़ते आक्रोश के बीच प्रदेश सरकार ने आखिरकार उन्हें वार्ता के लिए बुलाया है। सरकार के इस कदम को पेंशनरों के आंदोलन के दबाव के रूप में देखा जा रहा है। गुरुवार को दाड़ी मैदान में विभिन्न पेंशनर संगठनों से जुड़े हजारों पेंशनर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। इस दौरान पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न विभागों और संगठनों के पेंशनरों ने भाग लिया। पेंशनर नेताओं ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार के साथ होने वाली वार्ता में उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसके तहत जोरावर स्टेडियम में विशाल प्रदर्शन करने के साथ चक्का जाम भी किया जाएगा।