जम्मू, पंजाब और हिमाचल की सीमा पर स्थित जिला चंबा के भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतिम गांव भोटन में स्वीप टीम नाव के जरिये रणजीत सागर डैम पार करने के बाद कई घंटों पैदल सफर तय कर पहुंची। यहां तक पहुंचना टीम के लिए एक चुनौती भरा काम रहा। बहरहाल, टीम ने गांव में पहुंचकर लोगों को मतदान के महत्व बारे विस्तार से जानकारी प्रदान की। भटियात एसडीएम व एआरओ पारस अग्रवाल की अगुवाई में नोडल अधिकारी आकाशदीप शर्मा के साथ मिलकर भटियात के अति दुर्गम और दूरदराज क्षेत्र भोटन गांव का दौरा किया। इस गांव में पिछले चुनावों में 43 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार भी गांव के लोग अपनी जरूरी मांगों को लेकर विरोध दर्ज करवा चुके हैं।