फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंबा: पांगी के दुर्गम क्षेत्र के स्कूल को मिली टीएलएम की दो पेटियां, गतिविधियों से आसान होगी पढ़ाई

जनजातीय क्षेत्र पांगी की राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुलाल के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई अब और रोचक बनने वाली है। विद्यालय को समग्र शिक्षा की ओर से शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) की दो पेटियां मिली हैं। इस सामग्री की मदद से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न विषयों को समझने का अवसर मिलेगा। शिक्षण सामग्री मिलने से विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ में खुशी का माहौल है। विद्यालय को मिली शिक्षण सामग्री में स्टोरी कार्ड, खाद्य शृंखला एवं खाद्य जाल चार्ट, जल चक्र, पौधों के भाग, भारत के विभिन्न त्योहारों से संबंधित चार्ट, डोमिनो नंबर कार्ड, जीवन चक्र, किडो ब्लॉक्स और जियो बोर्ड सहित कई तरह की गतिविधि आधारित सामग्री शामिल है। इन सामग्रियों के उपयोग से विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों की अवधारणाओं को समझने में मदद मिलेगी। गतिविधियों के जरिए सीखने से पढ़ाई अधिक रोचक और प्रभावशाली बनेगी। राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित विद्यालय के शिक्षक सुंदर शर्मा ने शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए समग्र शिक्षा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र में स्थित विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए यह सामग्री काफी उपयोगी साबित होगी। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक रोचक, आनंददायक और प्रभावशाली बनेगी। साथ ही, बच्चों को विभिन्न विषयों को आसानी से समझने और अपने सीखने के स्तर में सुधार करने में सहायता मिलेगी। सुंदर शर्मा ने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि बढ़ती है और उन्हें नए विषयों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है। विशेषकर प्राथमिक कक्षाओं में इस तरह की सामग्री बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विद्यालय के विद्यार्थियों और समस्त स्टाफ ने इस सहयोग के लिए समग्र शिक्षा का आभार जताया। उम्मीद जताई गई कि शिक्षण सामग्री के उपयोग से विद्यालय में पढ़ाई को अधिक प्रभावी और बाल-केंद्रित बनाया जा सकेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें