आहिल्या हॉलीडेज और नोट ऑन मैप संस्था की ओर से बुधवार को एचटूओ हाउस में चंबा रुमाल पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें अमेरिका व ब्रिटिश के 15 कला प्रेमियों ने भाग लिया। इसमें पद्मश्री ललिता वकील, नेशनल अवार्डी अंजली वकील, नेशनल अवार्डी दिनेश कुमारी, स्टेट अवार्डी इंदु शर्मा, परीक्षित शर्मा तथा ज्योति नाथ ने कला प्रेमियों को चंबा रुमाल को तैयार करने के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान चंबा के किड्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सुल्तानपुर की छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। गदयाली नृत्य भी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। छात्राओं की ओर से दी गई प्रस्तुतियों को विदेशी कला प्रेमियों की ओर से भी खूब सराहना मिली। पदमश्री ललिता वकील व नेशनल अवार्डी अंजली वकील सहित अन्य कलाकारों ने कहा कि कला प्रेमियों को कला के बारे में शुरू से लेकर अब तक हुए विकास के बारे में बताया गया।