देश के प्रमुख मजदूर और किसान संगठनों के संयुक्त आह्वान पर सीटू जिला कमेटी ने सोमवार को जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सीटू कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मजदूरों और किसानों से जुड़े मुद्दे उठाए। प्रदर्शनकारियों ने नई श्रम संहिताओं को निरस्त करने समेत कई मांगें सरकार के समक्ष रखीं। धरने को सीटू जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष विपिन शर्मा, सचिव सरोज देवी और जिला सचिव सुदेश ठाकुर ने संबोधित किया। प्रदर्शनकारियों ने चारों नई श्रम संहिताओं को निरस्त करने, आंगनबाड़ी और मिड-डे मील वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी घोषित करने, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये करने, मनरेगा को बहाल करने, फिक्स्ड टर्म रोजगार खत्म करने और सभी को स्थायी रोजगार देने की मांग उठाई। सीटू नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।