चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक बुधवार को पर्यटन निगम के होटल इरावती में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान ओमप्रकाश गोस्वामी ने की। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं, तकनीकी शिक्षा और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को सरकार और प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना समय की जरूरत है। बैठक में मेडिकल कॉलेज चंबा में स्वीकृत कार्डियोलॉजी विभाग को जल्द शुरू करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने, ओसीटी मशीन उपलब्ध करवाने और अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। एसोसिएशन ने ट्रॉमा सेंटर को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने की मांग भी रखी। पदाधिकारियों का कहना था कि आपातकालीन मामलों में मरीजों को समय पर उपचार मिलना बेहद जरूरी है। बैठक में शहर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए बाइक एंबुलेंस सेवा शुरू करने का सुझाव भी दिया गया। सदस्यों ने कहा कि चंबा शहर की कई गलियां संकरी हैं, जहां बड़े वाहन पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में बाइक एंबुलेंस आपात स्थिति में मरीजों तक जल्द पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है।