ट्राइबल खेलो इंडिया प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे स्वारघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत धरोट के लखणो (मोहीवाल) गांव के तीन खिलाड़ियों को गांव पहुंचने पर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अंकुश कुमार और अब्दुल खान ने कांस्य पदक, जबकि मोहित कुमार ने रजत पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। तीनों खिलाड़ी गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल लखणो के विद्यार्थी हैं और लखणो अखाड़े में नियमित अभ्यास करते हैं। गांव में खिलाड़ियों के स्वागत के लिए ढोल-नगाड़े लाए गए थे और फूल-मालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। स्थानीय विधायक रणधीर शर्मा ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अखाड़े के विकास के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इस सम्मान समारोह ने क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह भर दिया है और अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।