जिला ग्रामीण भाखड़ा विस्थापितों ने अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला ग्रामीण भाखड़ा विस्थापित समिति के बैनर तले विस्थापितों ने लक्ष्मी नारायण मंदिर से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक विरोध रैली निकाली और अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद समिति के प्रधान देश राज शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी प्रेषित किया। ज्ञापन में मांग की गई है कि वन भूमि पर बने घरों, खेती और पशु शालाओं को वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत कानूनी अधिकार और पट्टे दिए जाएं। साथ ही भाखड़ा विस्थापितों की भूमि का शीघ्र बंदोबस्त किया जाए और जिन परिवारों को अब तक प्लॉट नहीं मिले हैं, उन्हें तुरंत प्लॉट आवंटित किए जाएं। समिति ने यह भी मांग की है कि जिन विस्थापितों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें तुरंत बहाल किया जाए तथा उन्हें बिजली और पानी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाए। इसके अलावा भाखड़ा विस्थापितों के बच्चों को बीबीएमबी और सरकारी नौकरियों में आरक्षण, भाखड़ा डैम से मिलने वाली रॉयल्टी का 25 प्रतिशत हिस्सा विस्थापितों के कल्याण पर खर्च करने, सिंचाई और पेयजल के लिए पानी लेने की अनुमति देने तथा भूमिहीन विस्थापितों को भूमि उपलब्ध करवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।