उपमंडल घुमारवीं के तहत सेऊ में महिला के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने पीड़ित महिला और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक संदीप धवल से मुलाकात की। उन्होंने मांग उठाई कि मामले में उचित कार्रवाई की जाए अन्यथा लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। गर्ग ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। पुलिस प्रशासन भी मूकदर्शक बना हुआ है। यदि जल्द ही कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो घुमारवीं में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन, पुलिस प्रशासन की होगी। इस तरह की मनमानी बंद नहीं हुई तो आम जनता के साथ सड़कों पर उतरेंगे। पूर्व मंत्री ने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र में सरेआम एक महिला की पिटाई की जाती है, लेकिन इस पीड़ित महिला को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि मारपीट की घटना होने के बाद भी इस महिला को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस मामले में संलिप्त व्यक्ति सरेआम घूम रहे हैं। इस महिला के परिवार को खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री के नाम पर भी धमकाया जा रहा है। गर्ग ने कहा कि इसके अलावा भाजपा समर्थित बीडीसी सदस्य को बेवजह परेशान किया जा रहा है। राजेंद्र गर्ग ने कहा कि पुलिस अधिकारियों की ओर से घुमारवीं में कानून व्यवस्था सुधारी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न घटे। अन्यथा भाजपा द्वारा आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा। वहीं, पीड़ित महिला ने कहा है कि उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। उधर पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस मामले को लेकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।