विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में रविवार के दिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर के द्वार सुबह 4:00 बजे खोले गए थे, इसके बावजूद भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। भीड़ पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए मंदिर अधिकारी चतर सिंह रनौत और सुरक्षा इंचार्ज महेंद्र सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाला। सुरक्षा कर्मियों को दिशा-निर्देश जारी कर, सभी भक्तों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित की गई। दोपहर की आरती के बाद जैसे ही मंदिर में भीड़ बढ़ी, श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे समूहों में प्रवेश कराया गया। मंदिर के बाहर होमगार्ड के जवानों ने भीड़ की व्यवस्था बनाए रखी और श्रद्धालुओं को आराम से लाइन में खड़ा कर दर्शन के लिए भेजा। मंदिर अधिकारी चतर सिंह रनौत ने बताया कि नवरात्रों के बाद से मंदिर में लगातार भीड़ बढ़ रही है और सप्ताहांत के दिन श्रद्धालुओं का जमावड़ा और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं को लाइन में ही माता के दर्शन कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, मंदिर के मुख्य और निकासी द्वार पर पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए चाय-पानी की व्यवस्था की है।