मंदिर न्यास नयना देवी मंदिर ने मंदिर के विकास, संचालन और धर्मार्थ गतिविधियों में योगदान देने वाले दानकर्ताओं के सम्मान हेतु विशिष्ट दानकर्ता सम्मान योजना की शुरुआत की। इस योजना का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार ने पूजा-अर्चना के साथ किया। उपायुक्त ने कहा कि यह पहल मंदिर के समग्र विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में सुधार और सामाजिक एवं धर्मार्थ कार्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने श्रद्धालुओं और दानकर्ताओं से योजना में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। दान के आधार पर दानकर्ताओं को तीन श्रेणियों में किया विभाजित किया गया है। ए श्रेणी में 15,00,001 एवं उससे अधिक, बी श्रेणी में 10,00,001 से ₹15,00,000 तक, सी श्रेणी में 5,00,000 से 10,00,000 तक दान नकद (चेक) के अलावा भौतिक निर्माण कार्यों के रूप में भी स्वीकार किए जाएंगे, जिनका मूल्यांकन न्यास के तकनीकी विशेषज्ञ करेंगे। पंजीकृत दानकर्ताओं को मिलने वाली विशेष सुविधाओं में प्रमुख पर्वों और अनुष्ठानों में पूजा की प्राथमिकता,गर्भगृह के निकट आरक्षित स्थान,विशेष प्रसाद वितरण,वीआईपी प्रवेश और आरक्षित पार्किंग,डिजिटल/फिजिकल प्रिविलेज कार्ड,वार्षिक पत्रिका और वेबसाइट पर नाम और चित्र का प्रकाशन,सम्मान पत्र प्रदान करना शामिल है। दान का उपयोग,संग्रहित धनराशि का उपयोग निर्धन बच्चों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार,लंगर व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण,गो सेवा और पशु कल्याण,बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए सुविधाजनक बुनियादी ढांचे का निर्माण,मंदिर में विकासात्मक कार्य,श्रद्धालुओं के लिए रैम्प की व्यवस्था के लिए होगा।