झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में घुमारवीं उपमंडल के पशु मित्र के पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) का आयोजन किया गया। इस भर्ती प्रक्रिया में घुमारवीं क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवा लड़के-लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शारीरिक दक्षता परीक्षा में लड़कों को 5000 मीटर की दौड़ 30 मिनट के अंदर पूरी करनी थी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी थी। इस भर्ती में 50 पुरुष और 33 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिसमें से 40 पुरुष और 28 महिलाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कर ली है। भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जूस, पीने का पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर विशेष रूप से डॉ. रविंद्र, डॉ. सुशील शर्मा, अंकु गौतम सहित झंडूता और घुमारवीं के पशु चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।