रादौर। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की यमुनानगर यूनिट ने शनिवार को नार्को डिटेक्शन डॉग डॉलर के साथ रादौर शहर के नशा-संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। टीम ने अनाज मंडी और सब्जी मंडी परिसर में दुकानों, ठेलों और भंडारण क्षेत्रों की जांच की। साथ ही व्यापारियों और आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया। अभियान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं एचएसएनसीबी प्रमुख संजय कुमार के दिशा-निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाया गया। यूनिट प्रभारी महरूफ अली ने बताया कि टीम ने उन स्थानों पर विशेष निगरानी की, जहां नशीले पदार्थों की गतिविधियों की आशंका रहती है। प्रशिक्षित नार्को डॉग डॉलर की मदद से विभिन्न स्थानों की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों की संभावित तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ ऐसे लोगों में भय पैदा करना है, जो सार्वजनिक स्थानों का इस्तेमाल अवैध नशा कारोबार के लिए कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील तलाशी अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों, आढ़तियों और आम लोगों से संवाद किया। उन्हें नशे के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। टीम ने लोगों से अपील की कि आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों को भी जागरूकता अभियान में सहयोग करना चाहिए। टीम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि नशे से संबंधित सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।