गैस की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है ऐसे में लोग गैस एजेंसी के बाहर खड़े होकर गैस बुकिंग करने का प्रयास कर रहे हैं और सर्वर डाउन होने की वजह से गैस बुकिंग करने में परेशानियों को सामना उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है। ऐसे में गैस एजेंसी संचालक भी लोगों को रात के समय गैस बुकिंग करने के लिए कह रहे हैं लेकिन लोगों की गैस बुकिंग ऑनलाइन से भी नहीं हो पा रही है ऐसे में लोगों की भीड़ गैस एजेंसी के बाहर जुटनी शुरू हो चुकी है। गढ़ी गुजरान के उस्मान ने बताया कि वर्कशॉप रोड स्थित आईटीआई के सामने हरिहर गैस एजेंसी में उसका गैस कनेक्शन है। उसने दो माह पहले एजेंसी से सिलिंडर लिया था। सुबह सिलिंडर खत्म हो गया तो वह एजेंसी पर पहुंचा। परंतु यहां से उसे सिलिंडर नहीं मिला। सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग हो ही नहीं रही है। रमजान का महीना चल रहा है और रोजा रखना पड़ता है। सुबह भोजन कैसे बनेगा इसकी चिंता सता रही है। राम नगर की निर्मला ने बताया कि कल सिलिंडर खत्म हो गया था। रात व सुबह चूल्हे पर खाना बनाया। खाना बनाने के लिए उसने अपनी पड़ोसन से चूल्हा मांगा। सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग हो ही नहीं रही है। बिना गैस दिक्कत बढ़ती जा रही है।