शहीदी दिवस के अवसर पर गांव मुरथल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसका शुभांरभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व राई विधायक कृष्णा गहलावत ने किया। यात्रा में सैकड़ों युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया और भारत माता की जय” व “वंदे मातरम के नारों से वातावरण को देशभक्तिमय बनाया। यह यात्रा ताजपुर-मिमारपुर मार्ग से होते हुए कली बाबा की कुटिया पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक कृष्णा गहलावत ने तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों के बलिदान की बदौलत ही आज हम स्वतंत्र और सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के मार्ग पर चलना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने मुरथल गांव के शहीद हवलदार हवा सिंह, शहीद सिपाही सतीश कुमार और शहीद जोगिंदर सिंह को नमन करते हुए कहा कि इन वीरों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। इस दौरान अंकित मुरथल, प्रमोद, मोहित सैनी मलिकपुर, अनिल, नंदू, सुरजीत वाल्मीकि, रमेश सरपंच मेहंदीपुर, बंटी, दीपक, नीरज, प्रदीप, राजपाल भी मौजूद रहे।